इंदौर। एसोसिएशन के चुनाव के लिए आज सुबह 11 बजे मतदान शुरू हो गया। इस बार पांच प्रमुख पदों सहित कुल 11 पदों के लिए 36 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। प्रमुख पदों के लिए इस बार चार-चार प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें से कौन विजयी होगा इसका फैसला एसोसिएशन के 4700 सदस्य प्रत्याशी चुनकर करेंगे।
खास बात यह कि पहली बार मतदान कोर्ट बिल्डिंग के बाहर हो रहा है। इसके लिए व्हाइट हाउस (सफेद टेंट) बनाया गया है। खास बात यह कि आज गर्मी के बावजूद मतदान को लेकर काफी उत्साह है। दोपहर तक 2 हजार से ज्यादा वोट डाले जा चुके थे। शाम 4.30 बजे मतदान खत्म हो जाएगा।अनुशासन समिति के सदस्य संजय मेहरा ने बताया कि व्हाइट हाउस में सभी 36 प्रत्याशी मौजूद है। सबसे पहले मतदाता यहां आएंगे। आठ प्रवेश मार्ग बनाए हैं। मतदान के लिए 50 बूथ बनाए गए हैं। यहां व्यवस्था ऐसी की गई है कि मतदाता वोट देने के बाद पिछले गेट से बाहर निकल जाएगा। वहां भोजन की व्यवस्था भी रखी गई है। व्यवस्था के तहत हर मतदाता की वीडियो रिकॉर्डिंग होगी। नकली वोटर्स का खास ध्यान रखा गया है, उसे पुलिस के हवाले किया जाएगा। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। गर्मी से राहत के लिए कूलर भी लगाए गए हैं।
इस बार शनिवार, रविवार और सोमवार को अंबेडकर जयंती पर अवकाश था। इसके चलते प्रत्याशियों का कोर्ट परिसर में मेल-मुलाकातों का गणित बिगड़ गया। इस पर उन्होंने मतदाताओं के घर और कार्यालयों में जाकर जिताने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर भी प्रचार-प्रचार किया।