खरगोन। गर्मी की दस्तक के साथ ही जिले में पेयजल संकट गहराने लगा है। कसरावद तहसील के बलकवाडा माइक्रो सिंचाई योजनाएं गांव के समीप से गुजरने के बाद भी सिनगुन सहित करीब 15 गांवों में गहराते जलसंकट से आक्रोषित ग्रामीण मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के बैनर तले पहुंचे ग्रामीणों, किसानों ने कृषि उपज मंडी कृषक भवन में बैठक के बाद ट्रेक्टर रैली के रुप में कलेक्ट्रेट पहुंचे। दोपहर करीब 1 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीण शाम 4 बजे तक प्रवेश द्वार पर धरनारत रहे।
करीब 3 घंटे चले प्रदर्शन के दौरान पानी दिए जाने की मांग पर अड़े ग्रामीण और किसानों को एनव्हीडीए कार्यपालन यंत्री एसएस अलावा ने लिखित आश्वासन दिया, जिसमें उन्होंने बलकवाडा सिंचाई परियोजना में टूटी- फुटी पाईप लाईन को एक माह याने 15 मई तक दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है।