छिंदवाड़ा। जिले के मोहगांव जलाशय से प्रभावित किसानों द्वारा जल संसाधन संभाग कार्यालय में दिया गया धरना बुधवार को सांसद विवेक साहू के हस्तक्षेप से समाप्त हुआ। किसान रात भर कार्यालय में धरने पर बैठे रहे, लेकिन कोई अधिकारी उनसे मिलने नहीं पहुंचा।
बता दें कि, बार-बार आश्वासन के बावजूद मांगें पूरी न होने से आक्रोशित मोहगांव डूब क्षेत्र के किसानों ने बुधवार की देर शाम से कार्यपालन यंत्री जल संसाधन संभाग छिंदवाड़ा के कार्यालय में धरना दिया। किसानों का आरोप था कि अधिकारी उनकी समस्याओं का उचित समाधान नहीं कर रहे हैं। लगातार आश्वासन मिलने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे वे विरोध करने को मजबूर हुए हैं।
रातभर दिया धरना, नहीं पहुंचे अधिकारी
इसके बाद किसान देर शाम से कार्यालय में डेरा डाले बैठे रहे, लेकिन पूरी रात बीत जाने के बाद भी कोई प्रशासनिक अधिकारी उनसे मिलने नहीं पहुंचा। आखिरकार, पीड़ित किसान सुदामा ने सांसद विवेक साहू से मुलाकात का समय मांगा।
गुरुवार सुबह पीड़ित किसान सुदामा ने सांसद विवेक साहू से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। सांसद ने तत्काल पांढुर्ना कलेक्टर से फोन पर बात की और समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिलाया।
मोक्षधाम के लिए दी तत्काल सहायता
किसानों की मांगों में मोक्षधाम की समस्या भी शामिल थी। सांसद ने अपनी निधि से तत्काल 2 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की। अन्य समस्याओं के लिए मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों से चर्चा का आश्वासन दिया।
सांसद की ओर से भेजे गए प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के वरिष्ठ नेता अरविंद राजपूत, मंडल अध्यक्ष सौरभ ठाकुर, नवीन बारस्कर और अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष रिजवान कुरैशी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने किसानों को आश्वस्त किया और उनके घर वापसी के लिए बस की व्यवस्था भी की। किसानों ने मांगों के समाधान का आश्वासन मिलने पर अपने गांव रवाना हो गए।