उज्जैन। लोकायुक्त ने गुरुवार दोपहर रतलाम जनपद की ग्राम पंचायत इटावाखुर्द के सरपंच घनश्याम कुमावत को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। सरपंच ने पीएम आवास की दूसरी किस्त खाते में डलवाने के लिए रिश्वत मांगी थी। लोकायुक्त की कार्रवाई अभी जारी है।
जानकारी के अनुसार, विनोद डाबी निवासी ग्राम बिंजाखेड़ी जिला रतलाम ने 15 अप्रैल को लोकायुक्त एसपी अनिल विश्वकर्मा को शिकायत की थी। शिकायत में बताया था कि उसकी मां सुगन बाई के नाम से प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत है। आवास की दूसरी किस्त अपनी मां के खाते में डलवाने के लिए सरपंच घनश्याम कुमावत ने 20 हजार रिश्वत की मांग की।
लोकायुक्त टीम ने प्लान बनाकर गुरुवार दोपहर गांव पहुंची। शिकायतकर्ता ने सरपंच के घर जाकर रुपए दिए। वहां पर पहले से मौजूद लोकायुक्त की टीम ने सरपंच को पकड़ लिया। टीम में डीएसपी दिनेश पटेल, टीआई हीना डावर, कॉन्स्टेबल इसरार, हेड कॉन्स्टेबल हितेश ललावत, हितेश ललावत, अनिल अटोलिया, श्याम शर्मा व नेहा मिश्रा शामिल है।