मुरैना। नेशनल हेराल्ड मामले में अब तक कांग्रेस ही भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थी, लेकिन गुरुवार को भाजपा भी सड़कों पर उतर आई। जिला मुख्यालय पर भाजपाईयों ने प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन किया। भाजपाईयों ने यह प्रदर्शन शहर के मुख्य बाजार हनुमान चौराहा पर किय। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष कमलेश कुशवाह ने कहा, कि 1938 में नेशनल हेराल्ड पत्रिका शुरू हुई, जिसे किसी के लाभ के लिए उपयोग नहीं किया जा सकता था। लेकिन राहुल गांधी जब कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव थे, तब नेशनल हेराल्ड के नाम पर उन्होंने पांच हजार करोड़ रुपये की जमीन को मात्र 50 लाख रुपये में अधिग्रहित किया था। यह भ्रष्टाचार है, ईडी ने इसकी जांच की है। सुप्रीम कोर्ट में मामला चल रहा है, जहां 25 अप्रैल को सुनवाई की तारीख है। नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को जेल होने वाली है। कांग्रेस नेता आरोप लगा रहे हैं, पूरे देश में झूठ फैलाते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी पर आरोप लगा रहे हैं, कि सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा। कांग्रेस के इसी भ्रष्टाचार, झूठ के खिलाफ पुतला दहन प्रदर्शन किया गया है।