रतलाम। जिले में लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली व्यवस्था के सुचारु क्रियान्वयन एवं 1 मई 2025 से स्मार्ट पीडीएस व्यवस्था संचालन तथा वास्तवित पात्र हितग्राहियों की उनकी पात्रता अनुरुप खाद्यान्न सामग्री नियत समय सीमा में उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों की ई-केवायसी कराए जाने हेतु मात्र अप्रैल में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान अन्तर्गत मेरा ई-केवायसी एप की सुविधा प्रारम्भ की गई है। जिला आपूर्ति अधिकारी आनन्द गोले ने बताया कि जिले में लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली योजनान्तर्गत खाद्यान्न सामग्री प्राप्त करने हेतु वर्तमान में 1002191 हितग्राही सम्मिलित हैं।
जिले में अभी तक 810541 हितग्राहियों की ई-केवायसी पूर्ण हो चुकी है। इस तरह अब तक 81 प्रतिशत हितग्राहियों की ई-केवायसी का कार्य पूर्ण हो चुका है। अभी भी 191650 हितग्राहियों की ई-केवायसी होना शेष है। ई-केवायसी का कार्य उचित मूल्य दुकान की पीओएस मशीन के माध्यम से उचित मूल्य दुकान के सम्बद्ध ग्राम पंचायत के ग्रामों, वार्डों एवं शहरी दुकान के वार्डों में उचित मूल्य दुकान के विक्रेता, ग्राम पंचायत के सचिव, रोजगार सहायक, वार्ड प्रभारी द्वारा ई-केवायसी का कार्य कराया जा रहा है।ई-केवायसी के दौरान पीओएस मशीन में 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चे, वृद्धजन, कुष्ठ रोगी, मजदूर तथा अन्य हितग्राही जिनका बायोमैट्रिक सत्यापन नहीं हो पा रहा है, ऐसे हितग्राहियों के साथ-साथ ऐसे हितग्राही जो अपने कार्य की व्यस्तता के कारण उचित मूल्य दुकानों, कैम्पों में उपस्थित नहीं हो सकते हैं, ऐसे सभी हितग्राहियों की ई-केवायसी के लिए शासन द्वारा मेरा ई-केवायसी एप लांच किया है। उक्त एप के माध्यम से उचित मूल्य दुकान के विक्रेताओं के अतिरिक्त पात्र हितग्राही भी अपना स्वयं का एंड्रोइड मोबाइल के माध्यम से मेरा ई-केवायसी एप को डाउनलोड कर स्वयं का, परिवार के सदस्यों तथा अन्य हितग्राहियों का भी ई-केवायसी कर सकते हैं।