देवास। जल जीवन मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत गठित जिला जल एवं स्वच्छता मिशन समिति देवास की बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, पीएचई विभाग के अधिकारी, जल निगम के अधिकारीगण, सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कलेक्टर सिंह ने जिले में वर्तमान समय में पेयजल की स्थिति की जानकारी जनपद पंचायत वार ली। उन्होंने कहा कि आने वाले दो-ढाई महीने हमें पेयजल की स्थिति पर विशेष ध्यान रखना है। इसके लिए पानी की पर्याप्त व्यवस्था बनाकर रखना है ताकि पानी के लिए आमजन को भटकना न पड़े। उन्होंने कहा कि पेयजल की स्थिति ऐसी बनाए कि सभी को हमेशा पानी मिले। इसके लिए सभी सक्रिय होकर कार्य करें।
बैठक में कलेक्टर सिंह ने जल निगम की प्रगतिरत और पूर्ण समूह योजनाओं नेमावर, खातेगांव, कन्नौद और पुंजापुरा की समीक्षा की। इस दौरान योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि जल निगम की योजनाओं का जो कार्य प्रगतिरत है, उसका कार्य शीघ्र पूर्ण करें। जहां कठिनाईयां आ रही है, उनका आपस में समन्वय कर निराकरण करें। बैठक में बताया गया कि जल निगम की कन्नौद एवं खातेगांव की परियोजना का कार्य प्रगतिरत है, जो कि आगामी दिनों में पूर्ण कर लिया जाएगा। इस पर कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए कि वर्तमान में गर्मी का मौसम चल रहा है, यह समय वर्किंग का समय होता है, जिसमें ज्यादा परेशानियों नहीं आती है। इसलिए इस समय कार्य को प्राथमिकता देते हुए कार्य में और तेजी लाएं तथा कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से करते हुए समय-सीमा से पहले करने का प्रयास करें।
बैठक में बताया गया कि जल निगम व पीएचई विभाग द्वारा परियोजना के कार्य के दौरान जमीन के अंदर पाइप लाइन डालकर कार्य किया जा रहा है। इस दौरान सड़कों को खोदा जा रहा है तथा कार्य पूरा हो जाने के बाद सड़क का रेस्टोरेशन कार्य किया जा रहा है। इस पर कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए कि संबंधित विभाग द्वारा रोड रेस्टोरेशन गुणवत्तापूर्ण करें। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां रोड रेस्टोरेशन गुणवत्ता वाला न हो उसे ठीक करें, और उसकी जांच भी करें। कलेक्टर सिंह ने कहा कि नल जल योजना के कार्य के लिए खोदी गई सड़कों को कार्य होने के बाद पुनरू ठीक करें।
कलेक्टर सिंह ने जल जीवन अंतर्गत विकासखण्ड देवास, टोंकखुर्द, सोनकच्छ, बागली, कन्नौद और खातेगांव में प्रगतिरत नल जल योजना की समीक्षा कर प्रगतिरत कार्य को पूर्ण करने के निर्देश दिये। बैठक में बताया गया कि जिले में नल जल योजना में 645 एकल योजनाएं संचालित है। 457 नल जल योजनाएं पूर्ण हो गई है और 188 योजनाएं प्रगतिरत है। 329 योजनाएं ग्राम पंचायत को हस्तांतरित की गई है।
कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए कि नल जल योजनाओं का कार्य गुणवत्तापूर्ण करें। जिन योजनाओं का कार्य पूर्ण हो गया है। उन्हें अच्छे से चेक कर लें कि कहीं से लीकेज तो नहीं हो रहा है और पानी अच्छे से सप्लाई हो रहा है। चेक करने के बाद पूर्ण हो चुकी योजनाओं को ग्राम पंचायत को हैण्डओवर करें। पूर्ण योजनाएं जनपद सीईओ से एनओसी लेने के बाद ही ग्राम पंचायत को सौपें। योजना पूर्ण होने पर हैण्डओवर की सूचना ग्राम के सरपंच और सचिव को भी दें।