चित्तौड़गढ़। राज्य के चित्तौड़गढ़ स्थित सैनिक स्कूल में मंगलवार से शुरु हुई अंतर सदनीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता संपन्न हुई। प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल के कार्यवाहक प्राचार्य मेजर सी श्रीकुमार थे। स्कूल के सीनियर मास्टर ओंकार सिंह एवं प्रतियोगिता के प्रभारी दिनेश कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेल जरूरी है, क्योंकि खेलों से शरीर ठीक रहता है। स्पोर्ट्स गतिविधियाँ सभी के लिए, विशेषरुप से बच्चों और युवाओं के लिए बहुत आवश्यक है क्योंकि ये शारीरिक और मानसिक विकास को बढ़ावा देती हैं। स्पोर्ट्स और खेलों में रुचि, हमें जीवन में कठिन परिस्थितियों का सामना करने और शरीर और मस्तिष्क को तनाव रहित बनाने में मदद करती है। यह टीम सदस्यों के बीच में मित्रता की भावना को विकसित करने, एक साथ काम करने की आदत को बढ़ावा देती है।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि वजन के आधार पर इस मुक्केबाजी प्रतियोगिता को तीन श्रेणियों में रखा गया। प्रत्येक बॉक्सर को दो-दो मिनट के तीन राउंड खेलने को मिले। प्रत्येक बाउट छः मिनट का हुआ। फाइनल मुकाबलों में प्रताप सदन के कैडेट नैतिक यादव ने बादल सदन के कैडेट भावेश को, हमीर सदन के कैडेट प्रिंस ने बादल सदन के कैडेट दुष्यंत को, सांगा सदन के कैडेट हिमेश सिंह ने प्रताप सदन के कैडेट बलराज सिंह को, जयमल सदन के कैडेट उत्कर्ष यादव ने सांगा सदन के कैडेट योगेश यादव को, प्रताप सदन के कैडेट सूर्य कुमार ने लव सदन के कैडेट अमित कुमार को हराया। कुम्भा सदन के कैडेट गौरव सिंह सिकरवार ने हमीर सदन के कैडेट रोहित डागुर को, लव सदन के कैडेट अंकित बुरड़क ने कुम्भा सदन के कैडेट नरेन्द्र जाट को हराया। सांगा सदन के अंकित कुमार राजपुरोहित एवं लव सदन के कैडेट गणेश गौड़ के बीच हुए मुकाबले में कैडेट अंकित कुमार राजपुरोहित विजेता रहा।
पद्मिनी सदन की कैडेट गायत्री डामोर एवं कैडेट वर्निका पाल के बीच हुए मुकाबले में कैडेट वर्निका पाल विजेता रही। कैडेट अतुल्या एवं कैडेट मिनिषा चौधरी के बीच हुए मुकाबले में कैडेट मिनिषा चौधरी विजेता रही। कैडेट गुलशन एवं कैडेट दीपिका के बीच हुए मुकाबले में कैडेट दीपिका विजेता रही। कैडेट मायरा चौधरी एवं कैडेट ज्योति जाट के बीच हुए मुकाबले में कैडेट ज्योति जाट विजेता रही।
प्रतियोगिता में सांगा हाउस प्रथम, प्रताप हाउस द्वितीय एवं लव हाउस तृतीय स्थान पर रहा। प्रतियोगिता में बेस्ट बॉक्सर सांगा सदन का कैडेट हिमेश सिंह रहा। बेस्ट लूजर प्रताप सदन का कैडेट बलराज सिंह रहा। गर्ल्स वर्ग में बेस्ट बॉक्सर कैडेट दीपिका रही एवं बेस्ट लूजर कैडेट अंकिता रही। इस प्रतियोगिता में मेडिकल सहयोग डॉ शुभम खंडेलवाल, डॉ लखिता नाथ, स्कूल के कम्पाउ.डर रामस्वरूप एवं नंद कँवर ने दिया। प्रतियोगिता के संयोजक दिनेश कुमार शर्मा थे। निर्णायक का कार्य छात्रावास अधीक्षक कृष्ण मोण, अंग्रेजी के अध्यापक आदित्य तोमर एवं हवलदार अशोक ने किया। रेफरी का कार्य सीएचएम मुनबुल नरजरी एवं पीटीआई हवलदार एम नवीन कुमार ने किया। अंत में विजेता हाउस को मुख्य अतिथि ने ट्रॉफी प्रदान की।