मंडला। कान्हा टाइगर रिजर्व में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक बाघिन के शावक का शव मिला है। बताया जा रहा है कि 18 अप्रैल की बाघ और बाघिन के बीच में लड़ाई हुई थी। इसी बीच बाघ ने बाघिन के शावक को मार डाला था। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जहां पर डॉग स्क्वॉड की मदद से आसपास के क्षेत्र में जांच की गई। बाघिन के सभी अंग सुरक्षित पाए गए।
ये घटना किसली परिक्षेत्र के जामुनटोला की है। चार पशु चिकित्सकों की टीम ने 18 अप्रैल शाम को शावक के शव का पोस्टमॉर्टम किया है। क्षेत्र संचालक रवीन्द्र मणि त्रिपाठी की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार किया गया।
शव का पीएम ले लेकर अंतिम संस्कार तक फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई है। मामले में वन अपराध का मामला दर्ज किया गया है।
चार महीने में पांच बाघों ने दम तोड़ा
इससे पहले 28 जनवरी को मुक्की क्षेत्र में दो वर्षीय मादा बाघ का शव मिला था। 19 फरवरी को किसली में 13 वर्षीय बाघिन मृत पाई गई। 2 मार्च को सूपखार में 5 वर्षीय नर बाघ और 4 अप्रैल को बिछिया में 15 माह की मादा बाघ की मौत हुई। चार महीने में पांच बाघों की मौत से पार्क प्रबंधन चिंतित है।