छतरपुर। जिले के बिजावर वन परिक्षेत्र में आज एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया है। जहां बिजावर वन बीट के कक्ष क्रमांक 345 एवं 346 के रसुइया तालाब के पास घने जंगल के बीच लगभग 15 एकड़ वन भूमि पर महबूब खान द्वारा बीसों साल से कब्जा कर खेती की जा रही थी। जिसे एसडीओ वन के निर्देश पर नवागत रेंजर पावन राय ने संज्ञान लेते हुए बिजावर वन अमले को आदेशित किया और वन अमला हरकत में आया और अपने लाव लश्कर एवं बुलडोजर को लेकर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा जहां अतिक्रमण की हुई वन भूमि पर बुलडोजर चला कर खेत में लगी तार फैंसिंग एवं बागड़ सहित खेत में बने टपरे को उजड़ दिया। साथ ही खेत की बागड़ में लगे कटीले तार एवं लकड़ी को जप्ती में लिया गया।
आज जिस वन भूमि से अतिक्रमण हटाया गया वहां पर वन विभाग द्वारा बुलडोजर से कैनाल खोद कर वन भूमि को अपने कब्जे में लिया है। इस कार्यवाही के बाद से ही क्षेत्र भर में वन भूमियों पर कब्जा कर खेती करने वालों में दहशत माहौल है। वहीं बिजावर रेंजर का कहना है कि वन भूमि पर जितने भी लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है उन सभी से वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा और यह कारवाही निरंतर जारी रहेगी।