खरगोन। पश्चिम बंगाल में वक्फ संशोधन विधेयक-2025 के विरोध के बहाने हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा पर शनिवार को विश्व हिंदू परिषद ने चिंता जताते हुए आक्रोश रैली निकाल अपना विरोध दर्ज कराया। कुंदा तट से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे विहिप, बजरंग दल कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस दौरान सूचना के बाद भी कोई अधिकारी ज्ञापन लेने नही पहुंचा, जिससे नाराज कार्यकर्ताओं ने प्रवेश द्वार पर धरना देकर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ शुरू कर दिया। करीब 20 मिनट बाद पहुंचे डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौप पश्चिम बंगाल में हिन्दुओ पर हो रहे अत्याचार, बर्बरता की निंदा करते हुए हिंसा रोकने में नाकाम हो रही ममता बनर्जी सरकार को हटाकर राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष नितिन मालवीय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता मौजूद रहे।