छतरपुर। जिला के खजुराहो में होली सोल कॉन्वेंट हाई स्कूल की बस पर पथराव की घटना सामने आई है। दोपहर करीब 11ः30 बजे स्कूल बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। मंजूनगर में कुछ बच्चों को उतारने के बाद तीन नाबालिग युवकों ने बस पर पत्थर फेंके।
पथराव में बस का शीशा टूट गया और दो बच्चे घायल हो गए। एक 9 वर्षीय बच्चे के कान में और दूसरे के हाथ में चोट आई। घटना के समय बस में तीसरी से छठी कक्षा के कुल 8 बच्चे सवार थे। इनमें से तीन मंजूनगर, चार बजरंगगढ़ और एक खजुराहो पुलिस कॉलोनी का बच्चा था।
बस चालक शुक्लाल हरिजन ने बताया कि हमलावर गिट्टी पर बैठे थे और पत्थर मारकर तुरंत भाग गए। स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने किट्टू रंगरेज, फरदीन खान और एक अन्य नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है।
स्कूल संचालक के पुत्र आशुतोष मिश्रा के अनुसार, पथराव का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है खजुराहो थाना प्रभारी शुभी शर्मा से मामले के बारे में पूछा गया तो वो कुछ भी कहने से बच रही और वरिष्ठ अधिकारियों से जानकारी लेने को कहा गया हैं।
खजुराहो एसडीओपी नवीन दुबे ने बताया कि खजुराहो स्कूल वैन थी जो मंजूनगर में बच्चों को छोड़ने गई थी, तभी पास में ही तीन बच्चे एक दूसरे को पत्थर मार कर खेल रहे थे, जिसमें से कुछ पत्थर स्कूल वैन जा लगे और वैन का सीसा टूट गया, हालांकि फरियादी की शिकायत के बाद जांच की गई और दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया जिसके बाद से दोनों पक्ष एक दूसरे जानते थे, जिसके बाद फरियादी के साइड से एफआईआर दर्ज नहीं की गई, आपसी सामंजस्य हुआ,पुलिस दंडात्मक कार्रवाई कर रही है।