शाजापुर। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने संगठन चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को शाजापुर जिले के कोऑर्डिनेटर दिनेश शर्मा ने बस स्टैंड स्थित कांग्रेस कार्यालय का दौरा किया। यहां युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
कोऑर्डिनेटर शर्मा ने जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष जयंत सिकरवार के साथ कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बताया कि युवा कांग्रेस में नामांकन प्रक्रिया 27 अप्रैल से 6 मई तक चलेगी। इसके बाद सदस्यता अभियान शुरू होगा। चुनाव में भाग लेने के लिए युवाओं की आयु 18-35 साल के बीच होनी चाहिए।
चुनाव में उम्मीदवारी करने वालों का आपराधिक रिकॉर्ड भी जांचा जाएगा। इसमें हत्या, बलात्कार और चोरी जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्तता की जांच की जाएगी। कई जिलों में आरक्षण की भी व्यवस्था की गई हैं।