इंदौर। एमजी रोड पर छोटा गणपति क्षेत्र में बनने वाले सब स्टेशन के खिलाफ विरोध शुरू हो गया है। मेट्रो प्रबंधन द्वारा 45 मकानों को हटाने की सूची जारी किए जाने के बाद स्थानीय रहवासी और दुकानदारों में नाराजगी का माहौल है। इसके विरोध में सुबह 10 बजे से छोटा गणपति मंदिर के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू किया गया है।
मेट्रो प्रबंधन की ओर से जारी की गई सूची में एमजी रोड स्थित महंत परिसर, तंबोली बाखल, मल्हारगंज और टोरी कॉर्नर के कुछ मकान शामिल हैं। यहां के व्यापारियों और रहवासियों का कहना है कि मल्हारगंज, छोटा गणपति और बड़ा गणपति के बीच आधे किलोमीटर की दूरी है, ऐसे में इस क्षेत्र में सब स्टेशन की कोई आवश्यकता नहीं है।
उनका कहना है कि अगर यह सब स्टेशन यहां स्थापित होता है तो इसका स्थानीय लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा, क्योंकि यहां अधिकांश मकान और दुकानें पुश्तैनी हैं।
राष्ट्रीय कवि भी प्रदर्शन में शामिल हुए
प्रदर्शन में राष्ट्रीय कवि सत्यनारायण सतन भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा जनहित का है। इसमें संशोधन जरूरी है। प्रभावित होने वाले लोगों ने विवश होकर धरना शुरू किया है।
सामाजिक कार्यकर्ता किशोर कोडवानी ने कहा कि इस मामले में जिला योजना सरकार नाम की व्यवस्था है। इंदौर के जनप्रतिनिधियों ने जिला योजना में इस प्रस्ताव को रखा ही नहीं है। मेट्रो प्रबंधन ने अभी तक स्पष्ट ही नहीं किया है कि वह एमजी रोड से कहां से कहां गुजरेगी। यहां कई हेरिटेज हैं, इनको भारी नुकसान होगा।
धरना को शेखर गिरी सहित अन्य ने भी संबोधित किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर गौर नहीं किया गया तो वे चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। इस आंदोलन के लिए ष्छोटा गणपति सब स्टेशन हटाओ संघर्ष समितिष् का गठन किया गया है, जिसमें शेखर गिरी, अशोक चौहान (चांदू), मनोज श्रीवास्तव, छोटे शर्मा, राजेश महंत, रुक्मणि शिंदे समेत कई अन्य व्यापारी और रहवासी शामिल हैं।