नीमच। शहर में जिला अभिभाषक संघ 1 अप्रैल से नए न्यायालय परिसर में बैठने की उचित व्यवस्था और शौचालय व पानी की व्यवस्था नहीं होने से धरना दे रहा था। 1 अप्रैल को पहले दिन वकीलों ने नए न्यायालय परिसर के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद 17 अप्रैल तक अलग-अलग तरीकों से प्रदर्शन कर मांगों के समर्थन में आवाज उठाई। जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष मनीष जोशी ने बताया कि अधिवक्ताओं के एक प्रतिनिधि मंडल ने मध्य प्रदेश के चीफ जस्टिस सुरेश केथ से मुलाकात करते हुए अपनी समस्या बताई थी। इस पर चीफ जस्टिस ने समस्या के उचित समाधान का आश्वासन दिया था। चीफ जस्टिस के आश्वासन के बाद सोमवार से नए न्यायालय परिसर में काम करने का निर्णय लिया था। उसी निर्णय के अनुसार आज अभिभाषक नए न्यायालय परिसर में पहुंचे और कार्य की शुरूआत की।