धार। भारतीय युवा कांग्रेस ने संगठनात्मक चुनाव की घोषणा कर दी है। संगठन ने चुनाव प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए तय किया है कि ब्लॉक अध्यक्ष का चयन भी प्रत्यक्ष मतदान के माध्यम से किया जाएगा। यह जानकारी सोमवार को कांग्रेस कार्यालय बस स्टैंड पर आयोजित पत्रकार वार्ता में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय को-ऑर्डिनेटर राजेश रलिया ने दी।
27 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू
रलिया ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया की घोषणा के साथ ही इसे 27 अप्रैल से प्रारंभ कर दिया जाएगा। नामांकन केवल 18 से 35 वर्ष की आयु के युवा ही कर सकेंगे। आयु की गणना नामांकन की अंतिम तिथि (6 मई) के अनुसार की जाएगी।
नामांकन के बाद दावा-आपत्ति की प्रक्रिया 28 अप्रैल से 7 मई तक चलेगी और निर्वाचन दल द्वारा उसका निराकरण 9 मई तक किया जाएगा। उम्मीदवारों की अंतिम सूची 11 मई को जारी की जाएगी।
मोबाइल एप के जरिए होगा मतदान
मतदान की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी रहेगी, जो कि आईवायसी एप के माध्यम से संपन्न होगी। जैसे ही कोई युवा सदस्यता लेगा, वह मतदान के योग्य हो जाएगा। एक सदस्य छह वोट डाल सकेगा। चुनाव में वही युवा भाग ले सकेंगे, जिन्होंने सदस्यता ली हो और आयु मापदंडों को पूरा करते हों। उम्र के प्रमाण के लिए शैक्षणिक अंकसूची मान्य होगी।
वन-टू-वन चर्चा में दी गई ऐप की जानकारी
कार्यक्रम के दौरान रलिया ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन चर्चा कर चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने आईवायसी ऐप के तकनीकी पहलुओं को भी समझाया ताकि युवा सही ढंग से भागीदारी कर सकें।
इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर सिंह छाबड़ा, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित कामदार, पीयूष ग्वाल, और मनोज चौहान भी उपस्थित रहे