देवास। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्पों को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा “जल गंगा सवंर्धन अभियान” को 30 मार्च से प्रारंभ किया है जो कि 30 जून तक संचालित होगा। यह अभियान जन-जन के जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण अभियान है। देवास जिले में 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान सतत चलेगा। अभियान के अंतर्गत जहां एक ओर नये तालाब बनाये जायेंगे, वहीं दूसरी ओर पुराने तालाबों, बावड़ियों और कुँओं का जीर्णाेद्धार कराया जायेगा। साथ ही वृक्षारोपण भी होगा। नदियों को साफ-स्वच्छ एवं जल एकत्रित करने के लिए भी कार्य किए जाएंगे। इसके लिए जिले में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। अभियान अंतर्गत तथा गर्मी को देखते हुए देवास जिले की नगरीय निकाय पीपलरावां एवं करनावद में सार्वजनिक पानी की प्याऊ लगाई गई। इन सार्वजनिक प्याऊ की पहल से आमजनों, पथिकों, यात्रियों आदि को गर्मी के दौरान शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। इसके साथ ही जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सार्वजनिक पानी की प्याऊ लगाई गई है। इन पानी की प्याऊ के माध्यम से राहगीरों के सूखे कंठ की प्यास बुझेगी।