इंदौर। 27 अप्रैल को आयोजित होने वाले आईटी कॉन्क्लेव में सीएम इंदौर को एक और आईटी पार्क की सौगात देंगे। यह आईटी पार्क पंचशील (इंफ्रा डेवलपर) द्वारा तैयार किया जाएगा और इसका नाम आईटी टेक्नो पार्क होगा।
बताया जा रहा है कि इस पार्क में 15 हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पाेरेशन इंदौर के महाप्रबंधक द्वारकेश सर्राफ ने जानकारी दी कि कॉन्क्लेव में शामिल होने के लिए देश-विदेश की लगभग 80 आईटी कंपनियों से जुड़ी कई हस्तियां आ रही हैं।
आईटी कंपनियां करेंगी 1 हजार करोड़ रुपए का निवेश
द्वारकेश सर्राफ ने आगे बताया कि मुख्यमंत्री सुपर कॉरिडोर पर पंचशील टेक्नो पार्क प्रोजेक्ट का शुभारंभ करेंगे। इस प्रोजेक्ट के तहत सीसीआईपी के जरिए से आवंटित 10 एकड़ जमीन पर 20 लाख वर्गफुट में आईटी बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। शुरुआत में आईटी कंपनियां लगभग 1 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेंगी, जिससे 15 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा।
सर्राफ के मुताबिक, सुपर कॉरिडोर पर पंचशील टेक्नो पार्क के अलावा मुख्यमंत्री सिंहासा आईटी पार्क में स्थापित होने जा रहे 120-सीटर इन्कयूबेशन सेंटर की भी शुरुआत करेंगे। इसके साथ ही दो नई कंपनियों, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और कास्टनेक्स का भी लोकार्पण किया जाएगा।
इस प्रोजेक्ट के तहत 10,248 वर्गफुट क्षेत्र में 100 स्टार्टअप्स के लिए इन्कयूबेशन सेंटर शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री इस प्रोजेक्ट का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे।
इन्कयूबेशन सेंटर में इनकी भी भागीदारी
इन्कयूबेशन सेंटर की स्थापना मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉर्पाेरेशन, डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी और आईआईटी इंदौर के दृष्टि सीपीएस फाउंडेशन के सहयोग से सात सालों के लिए की जा रही है। इससे पहले, एमपीआईडीसी इंदौर के क्रिस्टल आईटी पार्क में भी एक इन्कयूबेशन सेंटर शुरू किया गया था।