बड़वानी। मध्य प्रदेश में संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों ने 23 अप्रैल से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। मंगलवार को बड़वानी में सैकड़ों कर्मचारियों ने सिद्धेश्वर मंदिर से जिला स्वास्थ्य विभाग तक रैली निकाली। कर्मचारियों ने पहले भगवान सिद्धेश्वर फिर सीएमएचओ डॉ. सुरेखा जमरे को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
संविदा कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 4 जुलाई 2023 को भोपाल में महापंचायत में जो सुविधाएं दी थीं, वे 2025 में छीनी जा रही हैं। संविदा कर्मी अशोक कनाडे के अनुसार, विभाग में 50 प्रतिशत रिक्त पदों पर संविदा कर्मचारियों का संविलियन नहीं किया गया। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में ईएल और मेडिकल सुविधाओं को बहाल करना शामिल है। साथ ही अनुबंध प्रथा को पूरी तरह समाप्त करने और अप्रेजल जैसी कुरीतियों को खत्म करने की मांग है। जिले के 800 से अधिक कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल होंगे। प्रदेश स्तर पर करीब 32,000 संविदा कर्मचारी इस आंदोलन का हिस्सा हैं। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, हड़ताल जारी रहेगी।