धार। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से मंगलवार को इंदौर नाका स्थित ऑडिटोरियम में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बाबा साहब के व्यक्तित्व और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा हुई।
संगोष्ठी की शुरुआत भारत माता, संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। भाजपा जिला अध्यक्ष महंत निलेश भारती ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि भाजपा सरकार बाबा साहब के सपनों को साकार करने में लगी है।
सोलंकी बोले- कांग्रेस ने बहाए घड़ियाली आंसू
मुख्य वक्ता के रूप में देवास-शाजापुर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा बाबा साहब का नाम लेकर राजनीति की, पर सम्मान नहीं दिया। उन्होंने कहा, “बाबा साहब ने जब समान नागरिक संहिता की बात की, तब नेहरू ने उनके प्रस्तावों को रोका। आखिरकार बाबा साहब को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा।
लंदन यूनिवर्सिटी में टॉप 100 में थे बाबा साहब
पूर्व युवा आयोग अध्यक्ष डॉ. निशांत खरे ने कहा, “बाबा साहब की प्रतिभा को बड़ौदा के गायकवाड़ ने पहचाना और लंदन पढ़ाई के लिए भेजा। लंदन यूनिवर्सिटी की टॉप 100 प्रतिभाओं में बाबा साहब का नाम सबसे ऊपर था।” उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान सभा में भी बाबा साहब को प्रमुख बनने नहीं दिया।
अनुसूचित जाति समाज के विशिष्टजनों का सम्मान
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा ने जानकारी दी कि संगोष्ठी में अनुसूचित जाति वर्ग के विशिष्टजनों को शाल, श्रीफल और डॉ. अंबेडकर के प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में किशोर नाथ महाराज, गेंदालाल फकीरा, रमेश मेवाड़, डॉक्टर सौरभ बौरासी, शंकर लाल डामेचा, जमनालाल सोलंकी समेत कई समाजसेवी शामिल रहे।
कार्यक्रम में विधायक नीना वर्मा, भाजपा संगठन के संभाग प्रभारी राघवेंद्र गौतम सहित बड़ी संख्या में डॉक्टर, वकील, व्यापारी, भूतपूर्व सैनिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।