नीमच। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का नीमच में भारी विरोध हो रहा है। राजनीतिक व सामाजिक संगठनों के साथ आम नागरिकों में भी इस घटना को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। कल शहर के भारत माता चौराहा पर कांग्रेस ने कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की थी। साथ ही आज भी हिंदू जागरण मंच, सर्वसमाज व वक्फ कमेटी सहित अन्य संगठनों ने आतंकवाद का पुतला फूंककर कड़े शब्दों में इस कायराना हमले की निंदा। जिला मुख्यालय के अतिरिक्त नगरीय निकायों व ग्रामीण क्षेत्रों में भी विरोध प्रदर्शन देखे गए।
विजय टॉकीज चौराहा पर फूंका पुतला-
जम्मू कश्मीर के पहलगाम में निर्दाेष भारतवासियों की आतंकवादियों द्वारा की गई हत्या के विरोध में आज वक्फ कमेटी जिला नीमच ने विजय टॉकीज चौराहा पर विरोध स्वरूप पाकिस्तान का पुतला फूंका। वक्फ कमेटी के जिला अध्यक्ष फिरोज पठान एवं नगर अध्यक्ष काबिल खान ने बताया कि इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और इस घटना पर आक्रोश व्यक्त किया।