रतलाम। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए दिल दहलाने वाले आतंकी हमले ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। इस नृशंस कृत्य के विरोध में रतलाम जिले के आलोट के पत्रकारों ने एकजुट होकर गुरुवार शाम 7:30 बजे विजय स्तंभ, संजय चौक चौराहे पर कैंडल मार्च निकाला। प्रेस क्लब, आलोट ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा, न हमारी कलम अकेले काम आएगी, न बंदूक,न नेताओं के भाषण बल्कि देश की एकजुटता ही आतंकवाद का खात्मा कर सकती है। इस दौरान पत्रकारों ने आतंकवाद का पुतला जलाया और मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
वही प्रेस क्लब अध्यक्ष डॉ. सुनील चोपड़ा ने कहाँ की आतंकी हमला न केवल मानवता पर प्रहार है, बल्कि हमारी एकता और शांति के खिलाफ साजिश है। जम्मू-कश्मीर में भाजपा सरकार द्वारा सुरक्षा के किए गए दावे खोखले साबित हुए हैं। बार-बार होने वाली ऐसी घटनाएं सवाल उठाती हैं कि आखिर कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था क्यों चरमराई हुई है, पहलगाम जैसी पर्यटन नगरी में निर्दाेष लोगों का खून बहना स्वीकार्य नहीं। हम सरकार से मांग करते हैं कि आतंकियों और उनके समर्थकों पर कठोर कार्रवाई हो। देश का पत्रकार समुदाय पीड़ित परिवारों के साथ है और आतंकवाद के खिलाफ एकजुटता का संदेश देता है।
प्रेस क्लब सचिव निलेश जांगलवा ने कहाँ की पहलगाम का आतंकी हमला हमारी संस्कृति, पर्यटन और शांति पर हमला है। यह बेहद दुखद है कि कश्मीर की खूबसूरत वादियां बार-बार आतंक की आग में जल रही हैं। सरकार को केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि ठोस कदम उठाने होंगे। हम पत्रकार अपनी कलम से आतंकवाद के खिलाफ जागरूकता फैलाएंगे और देशवासियों से अपील करते हैं कि वे इस जघन्य कृत्य के खिलाफ एकजुट हों। आतंकवाद का कोई धर्म नहीं, यह मानवता का दुश्मन है।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब के सुरक्षक रमेश पाठक, विनय निगम, कमल गुप्ता, दुर्गा शंकर पहाड़िया, जीतू वरोला,अंकित भंडारी, नागेंद्र सिंह सोलंकी, मूर्तजा ईजी, अनिल भरावा राकेश मेवाड़ा, कपिल जांगलवा सहित समस्त पदाधिकारी और पत्रकार साथी उपस्थित रहे। इस मार्च ने न केवल आतंकवाद के खिलाफ गुस्सा जताया, बल्कि देश की एकता और शांति की मजबूती का संदेश भी दिया।