भोपाल। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी है। देश समेत मध्य प्रदेश में सड़कों पर उतरकर आतंकवाद और पाकिस्तान का पुतला जलाया जा रहा है। वहीं इस घटना को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में आज शुक्रवार को दतिया और सीहोर जिले में बंद बुलाया गया है। वहीं शनिवार को राजधानी भोपाल में बंद का आह्वान किया गया है।
दतिया का इंदरगढ़ बंद
रवि रायकवार, दतिया। जिले के इंदरगढ़ कस्बे में हिंदू संगठन के आह्वान पर बंद रखा गया है। व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर पूरी समर्थन दिया है। वहीं हिन्दू संगठन के नेता बाजार में घूम घूमकर बंद का जायजा ले रहे हैं।
सीहोर नगर भी बंद, सभी समाज का समर्थन
विजेंद्र सिंह राणा, सीहोर। सीहोर नगर में सभी समाज ने शाम 5 बजे तक बंद का ऐलान किया है। इस दौरान मेडिकल स्टोर, होटल, दूध डेयरी, किराना सहित सभी दुकानें बंद दिखी। नगरवासियों ने एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ विरोध जताया है। सीहोर नगर के लोगों ने घटना की कड़ी निंदा की और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बाजार पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से बंद रहा है। शाम 5 आतंकवादियों का पुतला दहन किया जाएगा।
उमरिया में कैंडल मार्च
संजय विश्वकर्मा, उमरिया। जिले के पालीनगर के व्यापारियों ने गुरुवार की रात को कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए गए।