इंदौर। सांवेर में आज मंत्री तुलसी सिलावट और महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने 32 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली एमआर 10 सड़क का भूमिपूजन किया। इस दौरान मंत्री सिलावट ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर कहा कि देश आज आतंकी हमले से दुखी है, लेकिन भारत सरकार आतंकवाद के खिलाफ कठोर फैसले लेने में सक्षम है। विकास और सुरक्षा दोनों में सरकार पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। भाजपा जो कहती है, वह करती है और इंदौर इसका सजीव उदाहरण है।
सिलावट ने आगे कहा कि मैं आपको आश्वस्त करता हूं कि विकास कार्यों के दौरान ना किसी का घर जाएगा, ना किसी की जमीन।
100 करोड़ की सड़कें बन रही सांवेर में
महापौर भार्गव ने कार्यक्रम के शुरुआत में हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुई आतंकी घटना में दिवंगत नागरिकों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा। इसके बाद उन्होंने कहा कि यह भूमिपूजन विकास का प्रतीक है, परंतु वर्तमान समय में जब देश शोक में है, तब हम उत्सव नहीं, बल्कि संकल्प के साथ यह शुरुआत कर रहे हैं।
इंदौर शहर के मास्टर प्लान के तहत 23 प्रमुख सड़कों का निर्माण एक साथ शुरू हुआ है, जिसकी कुल लागत 450 करोड़ रुपए है। इनमें से अकेले 100 करोड़ रुपए की सड़कें सांवेर क्षेत्र में बन रही हैं। यह इंदौर के इतिहास में पहली बार है जब इतने बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे पर काम एक साथ शुरू हुआ है।
जल संकट के स्थायी समाधान की दिशा में कदम
महापौर ने क्षेत्र में जल समस्या के स्थायी समाधान के लिए नई पानी की टंकी का टेंडर स्वीकृत होने की जानकारी देते हुए कहा कि इंदौर की मौजूदा जनसंख्या के अनुपात में हमारे पास पानी की आपूर्ति आधी है। आने वाले सालों में 900 एमएलडी पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने का लक्ष्य है, जिससे शहर की भविष्य की जरूरतें पूरी होंगी।
साथ ही महापौर ने बताया कि नगर निगम सीमा में शामिल 29 गांवों में विकास की गति तेज करने के लिए बजट में 5 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।