छतरपुर। शिवसेना की जिला इकाई ने शुक्रवार को पाकिस्तान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। एलआईसी ऑफिस से छत्रसाल चौराहे तक मार्च निकालते हुए शिवसैनिकों ने श्पाकिस्तान मुर्दाबादश् के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान पाकिस्तान का प्रतीकात्मक जनाजा निकाला गया और अंत में पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।
प्रदर्शन में शामिल शिवसैनिकों के हाथों में पाकिस्तान विरोधी पोस्टर थे, जिन्हें प्रदर्शन की समाप्ति पर आग के हवाले कर दिया गया। इस मौके पर युवा शिवसेना के प्रदेश अध्यक्ष नितेश तिवारी ने पाकिस्तान के आतंकियों द्वारा जाति के आधार पर हिंदुओं की हत्या की कड़ी निंदा की।
उन्होंने राष्ट्रपति से मांग की कि पाकिस्तानी नागरिकों के भारत में प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। तिवारी ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया, तो शिवसेना स्वयं पाकिस्तानी नागरिकों को भारत में घुसने से रोकेगी।
शिवसेना ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध पाकिस्तान की नीतियों और आतंकवाद के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि जब तक कठोर कदम नहीं उठाए जाते, ऐसे प्रदर्शन जारी रहेंगे।