आलोट। पहलगाम (जम्मू-कश्मीर) में निर्दाेष नागरिकों पर हुए क्रूरतम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा संचालित ऑपरेशन सिन्दूर की अभूतपूर्व सफलता ने पूरे देश में देशभक्ति और गौरव की लहर दौड़ा दी है। इसी क्रम में आज आलोट नगर में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय विधायक डॉ. चिंतामणि मालवीय ने भाग लेकर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।
यह यात्रा नगर के विट्ठल मंदिर से प्रारंभ होकर प्रमुख मार्गों से होती हुई कारगिल चौराहे पर सम्पन्न हुई। यात्रा में नगरवासी, युवाजन, सामाजिक संगठन और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और शहीदों अमर रहें के नारों से सम्पूर्ण नगर गूंज उठा।
विधायक डॉ. मालवीय ने अपने संबोधन में कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। ऑपरेशन सिन्धूर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर निर्णायक प्रहार है। अब आतंक का हर ठिकाना हमारे निशाने पर है। डॉ. मालवीय ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहें।