भोपाल। मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर इंदौर में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम ने मीडिया से चर्चा की। उन्होंने कहा कि “11 साल पहले देश तुष्टिकरण की राजनीति में डूबा हुआ था, लेकिन आज देश में परफॉर्मेंस की राजनीति की संस्कृति स्थापित हुई है। अब देश की जनता भी कहने लगी है कि मोदी हैं तो मुमकिन है।
गौतम के साथ इस दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित अन्य कई भाजपा नेता भी मौजूद थे।
दुष्यंत गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनआधारित और पारदर्शी शासन की प्रतीक बनी है। बीते 11 सालों में सरकार ने आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव रखी है, और यही कारण है कि आज ‘विकसित भारत’ और ‘अमृतकाल’ जैसे संकल्प जमीन पर उतरते दिखाई दे रहे हैं।
मोदी सरकार ने किए ऐतिहासिक निर्णय
गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रहित में अनुच्छेद 370 को हटाया, तीन तलाक को खत्म किया, नया वक्फ कानून और नागरिकता संशोधन कानून लागू किया, साथ ही विधायी निकायों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण जैसे साहसिक फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की रणनीति में अब निर्णायकता और आक्रामकता ‘न्यू नॉर्मल’ बन चुकी है। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे कदमों ने भारत की वैश्विक छवि को सशक्त बनाया है।
गरीबी हटाओ सिर्फ नारा था, सरकार ने उसे मिशन बनाया
भाजपा महासचिव ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने केवल ष्गरीबी हटाओष् का नारा दिया था, लेकिन मोदी सरकार ने गरीबी हटाने को मिशन के रूप में लिया। आज मोदी सरकार की डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना के जरिए 3.9 लाख करोड़ रुपए की लीकेज को रोका गया है।