नीमच। प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने गुरुवार को नीमच प्रवास के दौरान जावद विकासखंड के मोरवन में स्थापित मॉडल आंगनवाड़ी केंद्र का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
जावद विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने मंत्री पटेल को क्षेत्र की सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में किए गए विकास कार्यों, उपलब्ध कराई गई सुविधाओं, बच्चों की शिक्षा के लिए अर्ली लर्निंग किट, खिलौनों, एलईडी टीवी एवं डिजिटल शिक्षण सामग्री के बारे में विस्तार से अवगत कराया। इस अवसर पर नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार, मनासा विधायक अनिरुद्ध मारू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि विधायक ओमप्रकाश सखलेचा के विशेष प्रयासों से जावद क्षेत्र की सभी आंगनवाड़ी केंद्रों को आदर्श केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। विधायक निधि से अर्ली लर्निंग किट, खिलौने, एलईडी टीवी, टैबलेट सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन नवाचारों के चलते आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गए हैं, जिससे इन केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।