गुना। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत जिले के वरिष्ठ नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक राजीव गांधी कांग्रेस भवन में आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य गुना सहित पूरे जिले में संगठन को नई ऊर्जा और नवीन ढांचे के साथ पुनर्गठित करना रहा, ताकि आने वाले समय में संगठन को और अधिक सशक्त, सक्रिय व चुनावी दृष्टि से प्रभावी बनाया जा सके।बैठक में राजस्थान के पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के गुना प्रभारी रघु शर्मा, मुरैना विधायक एवं पीसीसी प्रभारी दिनेश गुर्जर, सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए यह तय किया गया कि अब कांग्रेस संगठन में बड़ी-बड़ी कमेटियों के स्थान पर केवल समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही जिम्मेदारियां दी जाएंगी। प्रत्येक ब्लॉक में 12 सदस्यीय कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा, जिसमें एक अध्यक्ष, दो उपाध्यक्ष और नौ महासचिव शामिल होंगे। इस नए ढांचे का उद्देश्य संगठन की कार्यप्रणाली को अधिक चुस्त, सरल और प्रभावी बनाना है।
बैठक के दौरान कांग्रेस प्रभारी रघु शर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि उनकी प्राथमिकता गुना जिले में कांग्रेस की पकड़ को गांव-गांव तक मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि इसके लिए वे तन, मन, धन से समर्पित भाव से कार्य करेंगे।