भोपाल। रविन्द्र भवन में शुक्रवार को राज्य स्तरीय शहरी पर्यावरण पर कार्यशाला शुरू हुई। सबसे पहले गुरुवार को अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान परिसर में आए सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखा।
कार्यक्रम के तहत प्रदेशभर में 1 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य समेत सिटी इन द गार्डन जैसी कई मुहिमों पर चर्चा हुई। दरअसल, कार्यक्रम की थीम मानसून के आगमन और शहरी हरियाली को लेकर है।
कार्यशाला में प्रदेश भर के नगरीय प्रशासन एवं शहरी विकास विभाग के अधिकारी, मास्टर ट्रेनर, सीएमओ, कमिश्नर, महिला स्व-सहायता समूह की सदस्याएं, एनजीओ प्रतिनिधि, नर्सरी संचालक, पर्यटन विभाग, मेट्रो प्राधिकरण और अन्य संगठनों से लगभग 2000 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
परिषद से लेकर निगम के पास 20 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास संजय कुमार शुक्ल ने बताया कि शहरी पर्यावरण को बेहतर बनाने की दिशा में यह अभियान एक बड़ी पहल है। उन्होंने कहा कि हमें केवल पार्कों में हरियाली तक सीमित नहीं रहना, बल्कि सिटी इन द गार्डन के विजन को साकार करना है, यानी ऐसा शहर बनाना है जो खुद एक बाग हो।