इंदौर। बीजेपी नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित शुक्रवार को कोरोना के 16 नए मरीज मिले हैं। इनके सहित अब तक कुल 104 मरीज मिल चुके हैं। इनमें से 92 मरीज इंदौर के हैं। जबकि 12 मरीज दूसरे शहरों के हैं। खास बात यह कि मरीजों की संख्या रोजाना बढ़ रही है। अभी 62 मरीज होम आइसोलेट हैं। शुक्रवार को सात मरीजों को डिस्चार्ज भी किया गया। प्रदेश में एक दिन में कोरोना के 27 नए मामले सामने आए।
इंदौर बीजेपी मीडिया सह प्रभारी नितिन द्विवेदी ने बताया कि मिश्रा को जुपिटर हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। डॉक्टरों ने कोरोना और अन्य बीमारियों से संबंधित जांचें कराई हैं। इसमें कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है। उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है। वहीं कोरोना के नए मरीजों की ट्रैवल हिस्ट्री खंगाली जा रही है। इसके साथ ही इनके संपर्क में आए लोगों के भी सैंपल लिए जाएंगे।
वैरिएंट का पता लगाने यह सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भोपाल लैब भेज जाएंगे। सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी ने बताया कि अभी जितने भी कोरोना मरीज मिल रहे हैं उनमें हल्के लक्षण हैं। सर्दी-खासी के कारण इन्होंने जांच कराई, जिसमें कोरोना की पुष्टि हुई। सभी मरीज अच्छी हालत में हैं और पैनिक जैसी स्थिति नहीं है।
अभी तीन मरीज अलग-अलग प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट हैं। इन्हें अन्य बीमारियां भी हैं। उनकी हालत ठीक है। इंदौर में अब तक कोरोना पॉजिटिव तीन महिलाओं की मौत हो चुकी है। इनमें से एक इंदौर, एक खरगोन और एक रतलाम की है। इन्हें दूसरी बीमारियां भी थी।
सरकारी स्तर पर एमवाय अस्पताल और एमआरटीबी अस्पताल में कोरोना की जांच हो रही है। ऐसे लोग जिन्हें सर्दी-खांसी हैं वे यहां कोरोना आरटीपीसीआर जांच करवा सकते हैं।