खरगोन। जिले की भगवानपुरा जनपद क्षेत्र की उमरिया पंचायत क्षेत्र में हुए बांध एवं कूप निर्माण कार्य में श्रमिकों को मजदूरी नही मिलने का मामला तुल पकडऩे लगा है। करीब 2 साल से अपनी दो माह की मजदूरी पाने के लिए मजदूर पंचायत के चक्कर काट रहे है। पंचायत सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक द्वारा संतोषजनक जवाब नही मिलने से नाराज मजदूर अब कलेक्टर से शिकायत का मन बना रहे है।
फाल्या जयराम बिसन, भुरा रेमसिया, रेना भाली, दयाराम लालसिंह, बल्ला ज्ञानसिंह, भुवान सिंह भायला, लालसिंह कोठारे, बल्ला कनासे, लक्ष्मण डुडवे ने बताया के उमरिया पंचायत में दो माह की मजदूरी को दो साल हो गए हैं। सातपाटी एवं नजदीक मोटी माल फाल्या के लोगों ने बताया के सरपंच सचिव और रोजगार सहायक ने हमसे मजदूरी तो करवा ली, लेकिन हमारे खाते में मजदूरी की राशि जमा नही हुई है, उन्होंने मनरेगा में काम करने का कहकर हमारे बैंक संबंधित दस्तावेज भी लिए थे।
अधुरा पड़ा है कूप निर्माण
सातपाटी के भुवान सिह अवासे ने बताया के मैंने ग्राम ढोलगा में अमृत सरोवर तालाब में मुरुम और मिट्टी ट्रैक्टर ट्राली से परिवहन किया था, लेकिन आज तक भुगतान नहीं हुआ है। मोटी माल में निरमल नीर कुप निर्माण का काम भी अधुरा पड़ा होकर उसमें आसपास की मिट्टी भर गई है। फाल्या में पेयजल के लिए आदिवासियों को बैलगाड़ी पर टंकी बांधकर एक किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है।
सचिव के पास है बैंक पासबुक
मोटी माल के आदिवासी फाल्या की कविता डुडवे ने बताया के हमने बांध और कुुएं के निर्माण कार्य में अपने खेतों और घर का काम छोड़कर मजदूरी की है। हमारे बैंक खाते की डायरी पंचायत सचिव द्वारा अपने पास रखने के खाते में मजदूरी की राशि जमा करने का हमें भरोसा दिलाया था। दो साल बाद आज भी सरपंच-सचिव और रोजगार सहायक हमें झूठा दिलासा दे रहे है।