मंदसौर। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर भाजपा नेता मनोहर धाकड़ का अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस ने चार टोल कर्मचारियों पर आईटी एक्ट और अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। आरोपी अजय मीणा, कमलेश मेघवाल, रोहित नागर और बन्ने सिंह चौहान एमकेआई कंपनी के कर्मचारी थे और 13 मई की रात ड्यूटी पर थे।
एसपी अभिषेक आनंद के अनुसार आरोपियों ने वीडियो वायरल न करने के एवज में धाकड़ से 20 हजार नकद और 5 हजार यूपीआई के जरिए लिए। वीडियो लीक करने पर कंपनी पहले ही चारों को बर्खास्त कर चुकी है। पुलिस ने धारा 309, 294, आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत केस दर्ज किया है। चारों की तलाश जारी है। वहीं, धाकड़ के वकील का कहना है कि वीडियो में छेड़छाड़ की गई है, जिसकी फोरेंसिक जांच होनी चाहिए। मनोहर धाकड़ पर पहले ही कई धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेजा गया था, लेकिन उन्हें अगले दिन जमानत मिल गई। वीडियो में दिख रही महिला अब तक फरार है।