नीमच। मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय सांसद एवं विधायक प्रशिक्षण वर्ग की शुरुआत आज से हो गई है। इस प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया। उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण शिविर में नीमच-मंदसौर संसदीय क्षेत्र के सांसद सुधीर गुप्ता, नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार समेत जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। विधायक परिहार ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि प्रशिक्षण वर्ग भारतीय जनता पार्टी की एक सुदीर्घ परंपरा है, जिसके माध्यम से हम अपनी कार्यशैली में सुधार कर और अधिक प्रभावी जनसेवक बन सकते हैं। इस प्रशिक्षण से हमारे भीतर की कमियाँ दूर होंगी और हम संगठन की भावना से और अधिक जुड़ाव महसूस करेंगे।
पूरे तीन दिन सरकार पचमढ़ी से चलेगी-
तीन दिन चलने वाले इस शिविर में प्रदेश सरकार के सभी मंत्री, विधायक, लोकसभा और राज्यसभा सांसद प्रशिक्षण लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं तीनों दिन पचमढ़ी में मौजूद रहेंगे, यानी इस अवधि में प्रशासनिक गतिविधियाँ भी पचमढ़ी से ही संचालित होंगी।
एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण-
प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत से पहले शनिवार सुबह पचमढ़ी कैंट क्षेत्र में कब्रिस्तान के समीप पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार खटीक, एल. मुरूगन, दुर्गादास उईके, सावित्री ठाकुर समेत कई सांसदों और विधायकों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिस स्थल पर पौधरोपण किया गया, उसका नाम अटल वाटिका रखा गया।
मोबाइल शिष्टाचार और वक्तृत्व कौशल भी होगा पाठ्यक्रम का हिस्सा-
प्रशिक्षण वर्ग का अंतिम दिन सांसदों और विधायकों के लिए विशेष रूप से रोचक रहने वाला है। सुबह 7 बजे योग, प्रार्थना और खेल गतिविधियों के बाद, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल उन्हें वक्तव्य कौशल, सामाजिक आचरण और मोबाइल शिष्टाचार का प्रशिक्षण देंगे। इस सत्र की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार करेंगी। अंतिम सत्र में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष जनप्रतिनिधियों की जिज्ञासाओं का समाधान करेंगे।
मोबाइल के इस्तेमाल पर रोक, अनुशासन सर्वाेपरि-
शिविर के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। सभी प्रतिभागियों के मोबाइल फोन उनके नाम के स्टिकर लगाकर एक निर्धारित स्थान पर साइलेंट मोड में रखे जाएंगे। केवल विश्राम काल में ही उन्हें मोबाइल पर बात करने की अनुमति होगी। यह व्यवस्था शिविर के अनुशासन और ध्यान केंद्रित वातावरण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
प्रशिक्षण का उद्देश्य- कुशल, सुसंस्कृत और संगठनशील जनप्रतिनिधि निर्माण
भाजपा के इस प्रशिक्षण वर्ग में जनप्रतिनिधियों को विभिन्न सत्रों में जनसंपर्क कौशल, समय प्रबंधन, मोबाइल प्रबंधन, पार्टी की कार्यप्रणाली और संगठन के इतिहास की जानकारी दी जाएगी। विधायकों और सांसदों को प्रतिदिन सुबह 6 बजे उठना होगा तथा 7 से 8 बजे तक योग और प्रार्थना अनिवार्य रूप से कराई जाएगी।