उज्जैन। शनिवार दोपहर उज्जैन जिले में एक बार फिर तेज आंधी-तूफान का असर देखने को मिला। बेरछा और पीर अमरूद स्टेशन के बीच तेज हवाओं के चलते रेलवे ट्रैक पर एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिससे भोपाल से दाहोद जा रही ट्रेन नंबर 19340 को बीच रास्ते में रोकना पड़ा। ट्रेन एक घंटे से ज्यादा समय से खड़ी है। यह लगातार दूसरा दिन है जब तेज आंधी के कारण रेलवे सेवा प्रभावित हुई है।
इससे पहले शुक्रवार शाम बड़नगर क्षेत्र में मौसम अचानक बिगड़ गया था। तेज आंधी-तूफान और बारिश के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिर गए थे। बड़नगर-इंदौर रेलवे ट्रैक पर भी एक पेड़ गिर पड़ा था, जिससे महू की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन को करीब एक घंटे तक रोकना पड़ा था।
उड़ी टिन शेड, वायरल हुए तूफान के वीडियो
शुक्रवार की आंधी इतनी तेज थी कि कई घरों और गोदामों की टिन की छतें उड़ गईं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ जगहों पर टीन और प्लास्टिक के शेड ताश के पत्तों की तरह उड़ते दिखे।
ग्रामीणों और रेलवे टीम ने मिलकर हटाया पेड़
रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेलवे कर्मचारियों के साथ मिलकर आरा मशीन से पेड़ को काटा और ट्रैक से हटाया। इसके बाद रेलवे इंजीनियरों ने विद्युत लाइन की मरम्मत कर ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू किया।
रेलवे पीआरओ खेमराज मीणा ने बताया कि बड़नगर और फातियाबाद स्टेशन के बीच ट्रैक पर पेड़ गिरने की वजह से ट्रेन को रोकना पड़ा था। रेलवे की टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए ट्रैक और लाइन को ठीक किया और ट्रेन को रवाना किया।