नीमच। शहर में मानसून की पहली फुहारों ने जहां एक ओर गर्मी से थोड़ी देर राहत दी, वहीं दूसरी ओर नीमच में बिजली कटौती ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। शहर के स्कीम नंबर 36 बोहरा कॉलोनी और अन्य प्रमुख जगहों पर 24 घंटे से बिजली गुल है। इस अघोषित कटौती ने त्योहार के मौके पर लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। बिजली विभाग हर साल मानसून से पहले रखरखाव के नाम पर कटौती करता है, लेकिन हल्की बारिश और हवा चलते ही बिजली गुल हो जाती है। कल की बारिश और आंधी के बाद बोहरा कॉलोनी, नीमच सिटी, ग्वालटोली, इंदिरा नगर, महू रोड और शहर के व्यावसायिक इलाकों में भी लंबे समय तक बिजली गायब रही। नतीजतन, लोगों को रात भर अपने रिश्तेदारों के यहां जाकर सोना पड़ा। परेशान उपभोक्ताओं ने फोर जीरो और गोमा बाई रोड स्थित बिजली कंपनी के कार्यालयों में शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। विभाग का हेल्पलाइन नंबर 1912 पर भी अक्सर बात नहीं हो पाती है। लगातार वोल्टेज में उतार-चढ़ाव से लोगों के महंगे उपकरण जैसे कूलर, फ्रिज, एसी और एलईडी खराब हो रहे हैं। उपभोक्ताओं का साफ कहना है कि बिजली विभाग लंबे-चौड़े बिल तो वसूलता है, लेकिन सेवा के नाम पर शून्य है।जनप्रतिनिधियों की खामोशी से भी लोगों में गुस्सा है। बोहरा कॉलोनी के निवासियों का दर्द है कि त्योहार होते हुए भी उनके घरों में 24 घंटे से अंधेरा पसरा है।बिजली विभाग के अधिकारी महेश ठाकुर ने वही घिसा-पिटा जवाब दोहराया है कि रखरखाव का कार्य जारी है और जल्द ही समस्या का समाधान हो जाएगा। हालांकि, शहर में बिजली कटौती को लेकर जनता में भारी आक्रोश है और वे विभाग की कार्यप्रणाली से बेहद नाखुश हैं।