नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति और पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार हेतु 14-15 जून 2025 की मध्यरात्रि जिला पुलिस बल नीमच के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न थानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने किया। एसपी अंकित जायसवाल ने पुलिस थाना बघाना का औचक निरीक्षण किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया ने पुलिस थाना जीरन का निरीक्षण किया। नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान ने पुलिस थाना नीमच केंट, नीमच सिटी, बघाना और जीरन का निरीक्षण किया। अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) जावद निकीता सिंह ने जावद, रतनगढ़ और सिंगोली थानों का निरीक्षण किया। अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मनासा साहेबा अंसारी ने मनासा, कुकड़ेश्वर और रामपुरा थानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा संबंधित थानों में हवालात, मालखाना, सीसीटीवी प्रणाली, रात्रि गश्त व्यवस्था, बीट और माइक्रोबीट पुस्तकें, निगरानी सूची, गुंडा रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, एमएलसी, स्थायी वारंट फाइल आदि अभिलेखों का गहन परीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बघाना थाने में हवालात की सफाई व्यवस्था, शौचालय की स्थिति, रोशनदान की सुरक्षा, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता व बैकअप प्रणाली का परीक्षण किया तथा किसी भी खराबी की स्थिति में तत्काल वरिष्ठ कार्यालय को सूचित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अपराध रजिस्टर, वारंट तामीली, एमएलसी रजिस्टर, एचएस फाइल आदि का अवलोकन कर थाना प्रभारी को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारियों को कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, रजिस्टरों के नियमित अद्यतन, सीसीटीवी की निगरानी, और जनता के प्रति संवेदनशील पुलिसिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
यह निरीक्षण पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा समस्त जिलों को जारी निर्देशों के अनुरूप किया गया, जिसका उद्देश्य प्रदेश में प्रभावी कानून व्यवस्था और जवाबदेह पुलिसिंग प्रणाली को सुनिश्चित करना है।