मंदसौर। पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार प्रदेशभर में थानों के रात्रिकालीन औचक निरीक्षण के तहत मंदसौर जिले में भी व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस कड़ी में पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद ने दिनांक 15 जून 2025 की देर रात थाना नई आबादी एवं थाना दलौदा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, मालखाना, रिकॉर्ड रूम, बंदी गृह, जरायम रजिस्टर तथा बलवा ड्रिल सामग्री जैसे बॉडीगार्ड, हेलमेट, जाली, लाठी आदि का गहन परीक्षण किया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर आनंद ने थानों की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु थाना प्रभारियों को सुधारात्मक सुझाव भी प्रदान किए। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंदसौर गौतम सोलंकी ने थाना नई आबादी एवं थाना भावगढ़ का निरीक्षण किया। उन्होंने मालखाना, बंदी गृह, रिकॉर्ड रजिस्टर सहित थाने की समग्र व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित थाना प्रभारियों को सुधार हेतु निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ अनुभाग हेमलता कुरील ने सुवासरा एवं भानपुरा थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मालखाना, जरायम रजिस्टर, बंदी गृह एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर थाना प्रभारियों को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए गए। नगर पुलिस अधीक्षक मंदसौर सतनाम सिंह ने थाना वाय डी नगर का निरीक्षण कर रिकॉर्ड रजिस्टर, बंदी गृह एवं मालखाने का परीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं में सुधार हेतु दिशा-निर्देश दिए।
एसडीओपी मल्हारगढ़ नरेंद्र सिंह सोलंकी ने पिपलियामंडी थाने का निरीक्षण कर मालखाना, रिकॉर्ड रजिस्टर की समीक्षा की और बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्देशित किया। एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति ने थाना सीतामऊ का निरीक्षण कर समस्त व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सुधार हेतु निर्देश दिए। एसडीओपी गरोठ विजय कुमार यादव द्वारा गरोठ एवं गांधीसागर थानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थानों की समग्र व्यवस्था का परीक्षण कर थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद के नेतृत्व में जिले के समस्त अनुभागों में राजपत्रित अधिकारियों द्वारा रात्रिकालीन औचक निरीक्षण कर कानून व्यवस्था एवं प्रशासनिक दक्षता को सुनिश्चित किया गया। यह निरीक्षण अभियान जनहित में पुलिस प्रशासन की सजगता एवं तत्परता का परिचायक है।