राजगढ़। जिले में नए पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी के कार्यभार संभालने के बाद पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। पुलिस मुख्यालय के आदेश पर जिले के 143 पुलिसकर्मियों का तबादला किया गया है।
जिन पुलिसकर्मियों को तीन साल से अधिक समय हो गया था, उन्हें अन्य जगह भेजा गया है। इससे थानों में पारदर्शिता और कार्य दक्षता बढ़ाने की कोशिश की गई है।
सारंगपुर और ब्यावरा में सबसे ज्यादा तबादले
तबादलों में सबसे ज्यादा बदलाव थाना सारंगपुर में 13 और थाना ब्यावरा शहर में 12 पुलिसकर्मियों के हुए हैं। इसके अलावा तलेन और नरसिंहगढ़ में 8-8, राजगढ़ और भोजपुर में 9-9, देहात ब्यावरा, पचोर और करनवास थानों में 7-7 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया गया है। वहीं यातायात शाखा से भी 7 पुलिसकर्मियों को बदला गया है।
खिलचीपुर, कुरावर, माचलपुर और छापीहेड़ा थानों में 6-6, मलावर, सुठालिया, बोडा और जीरापुर में 5-5, कालीपीठ और लीमा चौहान में 4-4 तथा खुजनेर में 3 पुलिसकर्मियों को हटाया गया है। एसपी कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार यह तबादले फिलहाल प्रशासनिक दृष्टि से अस्थायी रूप से किए गए हैं। ये आदेश अगले निर्देश तक प्रभावी रहेंगे।