रतलाम। गुर्जर समाज के गौरवशाली इतिहास को लेकर प्रदेश में कई जगह छेड़छाड़ को लेकर राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति ने विरोध जताया। समाजजन सोमवार दोपहर कलेक्ट्रेट में एकत्र हुए। नारेबाजी कर सीएम के नाम ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा।
समाजजनों ने कहा कि समाज के इतिहास के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की करेंगे। प्रदेश के हर जिले में चौराहे, सड़क, हॉस्पिटल स्टेडियम आदि के नामकरण गुर्जर समाज के महापुरुषों के नाम से किए जाए। महापुरुषों की प्रतिमा स्थापित करने की मांग समेत 7 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। संघर्ष समिति ने प्रदेश के सभी जिलो में एक साथ ज्ञापन सौंपा।
गुर्जर समाज रतलाम जिला अध्यक्ष एडवोकेट देवेंद्र गुर्जर, राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति जिला अध्यक्ष भरत गुर्जर, रतलाम गुर्जर समाज कार्यकारिणी प्रचार मंत्री गोपाल गुर्जर, अशोक गुर्जर, अनिल गुर्जर, उमराव सिंह गुर्जर, उपाध्यक्ष महेश गुर्जर, रामदेव गुर्जर, गोकुल गुर्जर, लोकेश गुर्जर आदि मौजूद रहे।
गुर्जर समाज जिलाध्यक्ष एडवोकेट देवेंद्र सिराधना गुर्जर ने कहा कि भिंड व मुरैना में समाज की ऐतिहासिक धरोहरों को पुरातत्व या किसी असामाजिक तत्व ने गुर्जर सम्राट मिहिर भोज के और गुर्जर प्रतिहार शासन काल की थी। उन पर प्राचीन काल से बोर्ड लगे हुए थे। उसमें गुर्जर प्रतिहार शब्द को हटाकर बोर्ड को डिस्मेंटल कर दिया है, जो कि शर्मनाक हरकत है।
नए बोर्ड लगाए तो गुर्जर प्रतिहार शब्द का प्रयोग नहीं किया। विधानसभा चुनाव के पहले देवनारायण बोर्ड का गठन हो चुका है लेकिन आज तक किसी की नियुक्ति व कोई कार्य नहीं हुआ। न ही कोई बजट का आबंटन हुआ है। इससे समाज के विकास कार्य नहीं हो पा रहे है।
प्रचार मंत्री गोपाल गुर्जर ने कहा कि एक माह में हमारी मांगे पूरी नहीं होती है तो प्रदेश के सभी गुर्जर समाज एक साथ भोपाल विधानसभा का घेराव करेंगे।