बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में इंदौर लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने वन विभाग के डिप्टी रेंजर को रिश्वत लेते ट्रैप किया है। उप सरपंच की शिकायत पर लोकायुक्त ने कार्रवाई को अंजाम दिया है. फिलहाल, आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दरअसल, डिप्टी रेंजर मोहम्मद खान ने नेपानगर वनपरिक्षेत्र के ग्राम मांडवा में पुलिया निर्माण के लिए उप सरपंच से 15 हजार की डिमांड की थी। दोनों में किश्तों में पैसे लेनदेन की बात हुई। इसके बाद उप सरपंच ने इसकी शिकायत इंदौर लोकायुक्त से की थी. जांच के बाद टीम ने घूसखोर अधिकारी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
सोमवार को उप सरपंच ने रिश्वत की पहली किश्त 5 हजार रुपये डिप्टी रेंजर के हाथों में दी. तभी टीम ने घूसखोर को धर दबोचा। इस मामले में आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।