मंदसौर। पिपलिया कराडिया निवासी 35 वर्षीय श्रवण कुमार पाटीदार को मंगलवार सुबह गिरफ्तार किया है। यह मामला 23 मार्च 2025 का है, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सिल्वर रंग की महिंद्रा एक्सयूवी 500 में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। पुलिस ने बेखेड़ा से सूरी रोड पर नाकाबंदी कर वाहन को पकड़ा। तलाशी में वाहन से तीन काले प्लास्टिक के कट्टों में 45 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर वाहन चालक लक्ष्मण गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया था तो वही इस मामले में श्रवण पाटीदार फरार बताया जा रहा था जिसे पुलिस ने अब गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में थाना नाहरगढ़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15(बी), 29, 25 के तहत अपराध दर्ज किया गया था और जब्त किए गए वाहन और डोडाचूरे की कीमत 5.55 लाख रुपये आंकी गई थी।
नाहरगढ़ टीआई प्रभात गोड़ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अभिषेक आनंद के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। आरोपी श्रवण को विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस एक्ट न्यायालय मंदसौर में पेश कर मामले में पूछताछ जारी है।