नीमच। पुलिस थाना बघाना को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑपरेशन मुस्कान के अंतर्गत अपहृत गुमशुदा नाबालिग बालक को केवल 5 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंपने में पुलिस ने उल्लेखनीय कार्य किया। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा नाबालिग बालकों एवं बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु प्रदेश स्तरीय ऑपरेशन मुस्कान अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी के अंतर्गत अधिकतम दस्तयाबी सुनिश्चित करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल द्वारा दिए गए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी बघाना नीलेश अवस्थी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस सफलता को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 16 जून 2025 को थाना बघाना में एक फरियादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज करवाई गई कि उसका नाबालिग पुत्र अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। इस सूचना पर अपराध क्रमांक 205/25 धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध कर त्वरित विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महज 5 घंटे के भीतर गुमशुदा नाबालिग बालक को सकुशल दस्तयाब कर लिया और उसे परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस महत्वपूर्ण सफलता में सउनि अमरसिंह खराड़ी, आरक्षक सुनील भट्ट, महिला आरक्षक वर्षा राठौर एवं महिला आरक्षक शिवांगी गोंड की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने त्वरित एवं समर्पित प्रयासों से यह सराहनीय कार्य कर दिखाया। यह सफलता पुलिस थाना बघाना की टीम की सतर्कता, संवेदनशीलता और कुशल नेतृत्व का प्रत्यक्ष उदाहरण है, जिसने ऑपरेशन मुस्कान के उद्देश्यों को सार्थक रूप से पूरा किया।