चित्तौड़गढ़। राजस्थान में अवैध मादक पदार्थो की तस्करी पर रोक लगाने के अपने सतत प्रयासों के तहत केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सी.बी.एन.) राजस्थान के चित्तौड़गढ सेल के अधिकारियों ने 16 जून 2025 को गांव जयसिंहपुरा, तहसील बस्सी, जिला चित्तौड़गढ़ में स्थित एक बाड़े पर छापा मारकर कुल 1221.730 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद करने के साथ ही एक बाइक और एक पिकअप को जब्त कर तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है । यह कार्यवाही नरेश बुन्देल, उप नारकोटिक्स आयुक्त, कोटा (राज.) के मार्गदर्शन में की गई।
उप नारकोटिक्स आयुक्त, कोटा (राज.) नरेश बुन्देल ने बताया की एक विशेष सूचना मिली की गांव जयसिंहपुरा, तहसील बस्सी, जिला चित्तौड़गढ़ में एक बाड़े पर अवैध डोडा चूरा से भरी एक पिकअप खड़ी है। सी.बी.एन, चित्तौड़गढ सेल के अधिकारियों की एक टीम ने इस पर कार्यवाही करते हुए बाड़े पर छापा मारकर कुल 1221.730 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद किया।
उन्होंने बताया की कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के पश्चात, बरामद अवैध डोडा चूरा, एक बाइक और एक पिकअप को जब्त कर लिया गया तथा तीन व्यक्तियों को एन.डी.पी.एस. अधिनियम, 1985 के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की जांच प्रक्रिया जारी है।
उन्होने बताया की केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सी.बी.एन) अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इसी तरह की कठोर कार्यवाही जारी रखेगा ताकि राज्य में नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार पर अंकुश लगाया जा सके।
उन्होने बताया की यदि किसी के पास नशा एवं मादक पदार्थ की तस्करी से संबंधित कोई जानकारी हो तो वह सीबीएन के निंयंत्रण कक्ष पर 0744-2438928 या व्हाटसएप नंबर 8764748232 पर संर्पक कर सकता है या ई मेल [email protected] पर जानकारी साझा कर सकता है। जानकारी देने वाले का नाम पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा।