भोपाल। जोधपुर से दिल्ली जा रही फ्लाइट को भोपाल डायवर्ट किया गया है। दिल्ली में ज्यादा बारिश होने के चलते फ्लाइट को भोपाल डायवर्ट कर एयरपोर्ट पर करीब 4ः50 बजे शाम को लैंड कराया गया। फ्लाइट में केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी सवार हैं जो जोधपुर से दिल्ली जा रहे हैं।
मध्यप्रदेश के इंदौर समेत 15 जिलों में मंगलवार को मानसून ने दस्तक दी। एक दिन पहले सोमवार को 4 जिलों में मानसून पहुंचा था। इस तरह कुल 19 जिलों में मानसून एंट्री ले चुका है। इस दौरान प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर भी जारी है।
मंगलवार को सिंगरौली में आकाशीय बिजली गिरने से दो बच्चियों की मौत हो गई। वहीं, भोपाल, राजगढ़, धार, रतलाम, छिंदवाड़ा, जबलपुर, मंडला, सतना, टीकमगढ़ समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई।
बारिश की वजह से दिन के तापमान में भी गिरावट हुई है। शिवपुरी में ही पारा सबसे ज्यादा 40 डिग्री रहा। वहीं, सबसे कम तापमान इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 5 बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 34.4 डिग्री, इंदौर में 32.2 डिग्री, ग्वालियर में 38.5 डिग्री, उज्जैन में 33 डिग्री और जबलपुर में पारा 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिन में मानसून भोपाल में दस्तक दे सकता है। वहीं, सबसे आखिरी में ग्वालियर-चंबल में पहुंचेगा। मौसम विभाग की मानें तो एक सप्ताह में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। इससे पहले प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर रहेगा। कहीं-कहीं भारी या अति भारी बारिश भी हो सकती है।