नीमच। जिला पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल की अध्यक्षता में पुलिस कंट्रोल रूम, नीमच के सभागार में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर का भी समवेत आयोजन हुआ, जिसमें जनसमस्याओं और शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया।
शिविर के दौरान कुल 48 फरियादियों की व्यक्तिगत शिकायतें पुलिस अधीक्षक जायसवाल द्वारा सुनी गईं। संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए उन्होंने निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, सीएम हेल्पलाइन स्तर-1, स्तर-2 एवं स्तर-3 की कुल 29 शिकायतों का संतोषजनक निराकरण कर उन्हें बंद किया गया।
शिविर में आवेदकों ने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं जैसे विषयों पर अपनी समस्याएं वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखीं। जायसवाल ने समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का निष्पक्ष और समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकीता सिंह, जिले के समस्त थाना प्रभारी/चौकी प्रभारी एवं संबंधित शाखाओं के अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में बड़ी संख्या में फरियादी/आवेदक उपस्थित थे।