मुरैना। साहब! मैं जीवित हूं, लेकिन मेरे भतीजे ने सरकारी रिकार्ड में मेरी मौत 24 साल पहले बता दी, इसके बाद मेरी फर्जी वसीयत बनाकर जमीन अपने नाम करा ली। मंगलवार को एसपी आफिस में हुई जनसुनवाई में यह शिकायत जौरा तहसील के अजीतपुरा टिकटौली गूजर गांव की 70 वर्षीय सनेही कुशवाह लेकर पहुंची। बुजुर्ग महिला ने बताया, कि किडनी रोग के कारण उसके पति श्रीराम कुशवाह की मौत हो गई। इसके बाद भतीजे जाहर सिंह कुशवाह ने उसका भी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया, जो 19 मार्च 2025 को जारी हुआ है। सनेही कुशवाह के मुताबित इस मृत्यु प्रमाण पत्र में उसकी मौत 03 अप्रैल 2001 को बताई है। इसके बाद फर्जी बसीयत बनाई, जिसकी नोटेरी जौरा के शांतिलाल अग्रवाल से करवाई। अब शांतिलाल अग्रवाल नोटेरी की प्रमाणित प्रति भी नहीं दे रहे। शिकायतकर्ता ने बताया कि पटवारी और तहसील के अफसरों ने मिलकर यह फर्जीवाड़ा कर उसे मृत घोषित कर जमीन की फर्जी रजिस्ट्री व नामांतरण करवाया है।