नीमच। शहर में आवारा श्वानों की बढ़ती समस्या के समाधान हेतु नगर पालिका परिषद द्वारा नसबंदी के लिए अनुबंधित संस्था द केयर ऑफ एनिमल एंड सोसायटी, रीवा द्वारा कार्य में लापरवाही व अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन के चलते नगर पालिका परिषद नीमच की अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा ने संस्था का अनुबंध निरस्त करने की कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में आयोजित एक बैठक में नपाध्यक्ष चोपड़ा ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी जमनालाल पाटीदार की उपस्थिति में उक्त मामले की समीक्षा की। बैठक में श्वान नसबंदी कार्य के सुपरवाइजर पीयूष शर्मा, स्वास्थ्य शाखा के शुभम उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
नपाध्यक्ष चोपड़ा ने बताया कि श्वानों की नसबंदी में अनियमितताओं की शिकायतें प्राप्त होने पर उन्होंने स्वास्थ्य सभापति धर्मेश पुरोहित के साथ नसबंदी केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां पाई गईं। इसके पश्चात संबंधित संस्था को कार्य में पारदर्शिता लाने और अनुबंध की शर्तों के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए गए, किंतु संस्था द्वारा निर्देशों की अवहेलना कर कार्य में लापरवाही बरती गई और नसबंदी कार्य को बंद कर दिया गया।
इन परिस्थितियों को देखते हुए नपाध्यक्ष द्वारा वर्तमान अनुबंध को निरस्त कर नई संस्था से अनुबंध करने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे शहरवासियों को जल्द ही आवारा श्वानों से जुड़ी समस्या से राहत मिल सके।