भोपाल। कांग्रेस संगठन सृजन की बैठक में मारपीट मामले में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का बड़ा बयान सामने आया हैं। उन्होंने कहा कि अनुशासन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मारपीट करने वाले नेताओं-कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई होगी।
दरअसल, राजधानी भोपाल के एक रेस्टोरेंट में कांग्रेस संगठन सृजन की बैठक चल रही थी। मध्य विधानसभा की मीटिंग में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पर्यवेक्षक यशोमती ठाकुर समेत कई नेता मौजूद थे। इस दौरान उपस्थिति दर्ज करने को लेकर विवाद शुरू हो गया। कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद और कांग्रेस नेता साजिद अली के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। दोनों पक्ष एक-दूसरे से गाली गलौज देने लगे और मारपीट करने लगे।
इस दौरान किसी ने इसका वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पूरे मामले में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि जो अनुशासनहीनता करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आपको बता दें कि कांग्रेस में अनुशासनहीनता का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी ऐसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।