उज्जैन। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार की निर्भया परियोजना के अंतर्गत उज्जैन में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने बेटियों द्वारा प्रस्तुत लाठी प्रदर्शन और आत्मरक्षा कौशल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय कदम है। करीब दो दर्जन से अधिक बालिकाओं ने आत्मरक्षा के विभिन्न तरीकों का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर मंत्री महोदया अभिभूत हुईं और इसे देशभर के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
परियोजना का उद्देश्य-
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड, भोपाल द्वारा प्रदेश के 33 जिलों में महिलाओं के लिए सुरक्षित पर्यटन स्थल परियोजना चलाई जा रही है, जो महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्भया फंड से संचालित है।
प्रतिनिधि मंडल की उपस्थिति-
मंत्री ठाकुर के साथ इस अवसर पर मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे, जिनमें अवर सचिव विवेक दशमान, संचालक दया शंकर, निज सचिव निमिषा झा, सहायक निज सचिव दीपक कुमार, अविनाश कुमार सिंह एवं संतोष कुमार शामिल थे। मप्र टूरिज्म बोर्ड से डॉ. आलोक चौबे, डॉ. रंजना मिश्रा और जयदीप खरे ने बैठक में सहभागिता की।
जिला कार्यक्रम अधिकारी म.बा.वि. बृजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि उज्जैन को इस परियोजना के लिए चयनित पर्यटन स्थलों में शामिल किया गया है और यहां महिलाओं की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।